*रुक्मणि विवाह की कथा में भक्तिभाव से सराबोर श्रोता जमकर झूमे,गोरा चिरैया गांव में चल रहा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह*
वीरेंद्र सिंह सेंगर
रामपुरा जालौन। जनपद के गोरा चिरैया गांव में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह में छठवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का सुंदर वर्णन हुआ। कथा व्यास ने प्रेरक प्रसंग के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का भी संदेश मंच से दिया।
छठे दिन की कथा मनीषानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में प्रारंभ हुई। कथा व्यास ने भगवान की अनेक लीलाओं में श्रेष्ठतम लीला रास लीला का वर्णन करते हुए बताया कि रास तो जीव का शिव के मिलन की कथा है। यह काम को बढ़ाने की नहीं काम पर विजय प्राप्त करने की कथा है। इसमें कामदेव ने भगवान पर खुले मैदान में अपने पूर्व सामर्थ्य के साथ आक्रमण किया है, लेकिन वह भगवान को पराजित नहीं कर पाया उसे ही परास्त होना पड़ा है। गोपी गीत पर बोलते हुए व्यास ने कहा जब तब जीव में अभिमान आता है, भगवान उनसे दूर हो जाते है, लेकिन जब कोई भगवान को न पाकर विरह में होता है तो श्रीकृष्ण उस पर अनुग्रह करते हैं, उसे दर्शन देते है। इसके अलावा उन्होंने भगवान कृष्ण का नाम रणछोड़ कैसे पड़ा इसका सुंदर वर्णन किया। एक बार मगधराज जरासंध ने भगवान श्रीकृष्ण को युद्ध के लिए ललकारा था, लेकिन वह सिर्फ अकेले नहीं बल्कि उसने श्रीकृष्ण के खिलाफ युद्ध के लिए यवन देश के राजा कालयवन को भी अपने साथ मिला लिया था। दरअसल, कालयवन को भगवान शंकर से ये वरदान मिला था कि न तो कोई चंद्रवंशी और न ही कोई सूर्यवंशी उसको युद्ध में हरा सकता है। उसे न तो कोई हथियार मार सकता है और न ही कोई अपने बल से हरा सकता है।भगवान शंकर से मिले वरदान की वजह से कालयवन खुद को अमर और अजेय समझने लगा था। उस लगने लगा था कि कोई भी उसे युद्ध में हरा नहीं सकता है और न ही मार सकता है। जरासंध के कहने पर कालयवन ने अपनी सेना के साथ मथुरा पर आक्रमण कर दिया। अब चूंकि श्रीकृष्ण जानते थे कि कालयवन को वो अपने बल से मार नहीं सकते हैं और न ही उनका सुदर्शन चक्र उसका कुछ बिगाड़ सकता है। इसलिए वो रणभूमि छोड़ कर भाग गए और एक अंधेरी गुफा में पहुंच गए।
भगवान श्रीकृष्ण के विवाह प्रसंग को सुनाते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का प्रथम विवाह विदर्भ देश के राजा की पुत्री रुक्मणि के साथ संपन्न हुआ, लेकिन रुक्मणि को श्रीकृष्ण द्वारा हरण कर विवाह किया गया। इस कथा में समझाया गया कि रुक्मणि स्वयं साक्षात लक्ष्मी हैं और वह नारायण से दूर रह ही नहीं सकती। धन को परमार्थ में लगाना चाहिए और जब कोई लक्ष्मी नारायण को पूजता है या उनकी सेवा करता है तो उन्हें भगवान की कृपा स्वत: ही प्राप्त हो जाती है। श्रीकृष्ण भगवान व रुक्मणि के अतिरिक्त अन्य विवाहों का भी वर्णन किया गया। परीक्षत रमेशचंद्र शर्मा व सुधा शर्मा ने आरती उतारी। इस मौके पर सुरेश चंद्र शर्मा, अंकुर, समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
0 Comments