कुएं मे मिला लापता विक्षिप्त का शव
- कुएं के पास मिले कपड़ों से हुई शव की शिनाख्त
वीरेंद्र सिंह सेंगर
अयाना औरैया।
जनपद के थाना अयाना क्षेत्र के ग्राम रोशंगपुर से शनिवार को लापता हुए विक्षिप्त का शव बुधवार को गांव के बाहर एक कुएं में पड़ा मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। परिजनों के पोस्टमार्टम न कराने की बात पर पंचायतनामा भरकर शव सुपुर्द कर दिया।
रोशंगपुर निवासी रामबाबू चतुर्वेदी के बेटा शिवशंकर उर्फ नीलू शनिवार सुबह अपने ताऊ लक्ष्मण सिंह के नौबार में शामिल होने के लिए निकला था। दोपहर तक घर न लौटने पर परिजनों ने आस-पास व रिश्तेदारियों में खोजा लेकिन उसका कोई पता नहीं चला,रविवार को पिता रामबाबू ने चौकी में बेटे के लापता होने की तहरीर दी। बुधवार दोपहर को खेतों पर किसी काम से गए रंगीना राजपूत व ईशान मोहम्मद को रामचंद्र पालीवाल के खेत में मौजूद कुएं के बदबू आई,जिसपर दोनों ने कुएं में झांका तो उसमें एक शव पड़ा था। दोनों ने इसकी सूचना ग्रामीणों के साथ पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में गांव निवासी पिंटू दोहरे ने कुएं में उतरकर शव को बाहर निकाला। रामबाबू चतुर्वेदी ने कुएं के पास मिली चप्पल व टीशर्ट से शव की शिनाख्त अपने बेटे शिवशंकर के रूप में की।
वहीं मृतक के पिता ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। उसका १० सालों से सैफई से इलाज चल रहा था। शिवशंकर की मौत के बाद परिवार में १० दिन के अंदर दूसरी गमी हो जाने कोहराम मच गया। मां मिथलेश, बहन रुचि व पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष भागीरथ सिंह ने बताया कि परिजनों के पोस्टमार्टम न कराए जाने की मांग पर पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है।
0 Comments