क्योलड़िया। भदपुरा क्षेत्र के गांव नकटिया में लगातार हो रही बारिश के चलते एक मजदूर का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया। मजदूर ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
गांव नकटिया निवासी मजदूर शर्मा नंद ने बताया कि शनिवार शाम वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवारों में पानी की नमी आ गई थी। रात में अचानक दीवारें कमजोर होकर भरभराकर गिर गईं। मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने से घर में रखे घरेलू बर्तन, चारपाई, गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री मलबे में दबकर खराब हो गई। मजदूर के अनुसार हादसे में करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था करने की समस्या खड़ी हो गई है।
मजदूर शर्मा नंद ने ग्राम प्रधान उमेश गंगवार से मामले की जानकारी देते हुए प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल विजय जानी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। उन्होंने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने तथा नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
0 Comments