पिता के पुराने साथियों को नहीं भूलीं राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, घर पहुंचकर जाना हाल-चालरिपोर्ट सुमित कुमार
क्योलड़िया में पुराने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से की मुलाकात, पिता संतोष गंगवार के राजनीतिक संस्कारों की दिखी झलक
क्योलड़िया। राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने बरेली जनपद के क्योलड़िया पहुंचकर अपने पिता महामहिम संतोष गंगवार के पुराने साथियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ता राजेंद्र प्रसाद गंगवार तथा दिवंगत शिक्षक वीरेंद्र कुमार गंगवार के परिवार से मिलकर आत्मीयता दिखाई।
सांसद की इस पहल को पुराने संबंधों और कार्यकर्ताओं के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र गंगवार और ग्राम पंचायत क्योलड़िया की प्रधान पुष्पा गंगवार से भी मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उनके इस दौरे से क्षेत्र में पुराने साथियों के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश गया।
महामहिम संतोष गंगवार के लंबे राजनीतिक जीवन में अनेक कार्यकर्ताओं और सामाजिक लोगों से उनके संबंध रहे हैं। श्रुति गंगवार की इन मुलाकातों को उसी परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल माना जा रहा है। सार्वजनिक जीवन में पद और प्रतिष्ठा के साथ पुराने रिश्तों को बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. एमपी आर्य, भुजेन्द्र गंगवार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रविशंकर गंगवार, लेखराज गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 Comments